फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotputli-Behror News: एमडीएमए की खेप, तीन राज्य और विदेशी कनेक्शन का खुलासा; ड्रग्स नेटवर्क का हुआ भंडाफोड़

Thu, 25 Dec 2025 08:44 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नशे के कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका चौंकाने वाला खुलासा बहरोड़ सदर थाना पुलिस की कार्रवाई में हुआ है। दिल्ली से राजस्थान की ओर लाई जा रही एमडीएमए ड्रग्स की बड़ी खेप को पकड़कर पुलिस ने न केवल तीन राज्यों से जुड़े आरोपियों को दबोचा, बल्कि एक विदेशी नागरिक तक पहुंचकर अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 23 दिसंबर को बहरोड़ सदर थाना पुलिस व एटीएस टीम ने दिल्ली की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के पास से भूरे रंग के बैग में रखा पैकेट मिला। जांच में वह पैकेट एमडीएमए ड्रग्स का निकला, जिसका वजन 504 ग्राम पाया गया। मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित कुमार निवासी गाजियाबाद, निर्मल पहाड़ी निवासी नेपाल हाल नोएडा और धीरज जांगिड निवासी अलवर हाल गुरुग्राम के रूप में हुई। पूछताछ में जब पुलिस ने सख्ती बरती तो एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी धीरज जांगिड ने बताया कि यह मादक पदार्थ दिल्ली के महरौली इलाके में रहने वाले एक नाइजीरियन व्यक्ति ‘जॉन’ से खरीदा गया था।

ये भी पढ़ें- Alwar: 'ये पर्वतमाला केवल पत्थरों का ढेर नहीं है, बल्कि पर्यावरण संतुलन की रीढ़ है', आरावली पर बोलें टीकाराम

इस सूचना के बाद पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर नाइजीरियन मूल के कॉलिन्स सैमसन ऑसीमेन उर्फ जॉन को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से ड्रग्स सप्लाई के धंधे में सक्रिय था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ अन्य राज्यों और विदेश तक जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल चारों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद नशे के इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें