फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dog Attack: झालावाड़ के खानपुर में श्वानों का आतंक, बच्चे पर झपट्टा मारने से मचा हड़कंप; पिता ने बचाया

Sun, 22 Feb 2026 02:22 PM IST
झालावाड़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झालावाड़

झालावाड़ जिले के खानपुर नगरपालिका क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन श्वानों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी और भय का माहौल है। शनिवार शाम एक मासूम बच्चे पर आक्रामक तरीके से हमला करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है। ताजा मामला खानपुर चौराहे के समीप एक गली का है। बताया गया कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर लौट रहे एक बच्चे पर अचानक एक आवारा श्वान ने हमला कर दिया। खेलते समय श्वान ने बच्चे पर दो से तीन बार झपट्टा मारा, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे के पिता आरिफ, जो खानपुर निवासी हैं, ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए श्वान को वहां से भगाया। उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें श्वान को आक्रामक होते हुए साफ देखा जा सकता है। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गए। परिजन घायल बच्चे को तत्काल खानपुर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई।

पढ़ें; 66.25 करोड़ से बनेगा श्री मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया शिलान्यास स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही विशेष अभियान चलाकर आवारा श्वानों की पकड़-धकड़ की जाए और प्रभावी नियंत्रण उपाय लागू किए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। जिला मुख्यालय पर भी कई कॉलोनियों में रात के समय श्वानों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों और बाइक चालकों को खतरा बना रहता है। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें