जिले में मेहंदीपुर बालाजी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु बालाजी के दर्शन करके लौट रहे थे और उनकी कार पर एक ओवरलोडेड ट्रक पलट गया।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 7 बजे मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के बालाजी मोड़ पर हुआ, जहां मप्र के ग्वालियर नंबर की कार में सवार पांच लोग मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान भरतपुर की ओर टर्न लेते समय पीछे से आ रहा एक ओवरलोड ट्रक अपना संतुलन खो बैठा और कार पर पलट गया।
ट्रक में पानी की बोतलों के भारी कार्टन लदे हुए थे, जिससे कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आकर पूरी तरह पिचक गया और पिछली सीट पर बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति ने जैसे-तैसे कार से निकलकर अपनी जान बचाई। घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को सिकराय सीएचसी की मोर्चरी में रखा गया है।
मानपुर डीएसपी दीपक मीणा ने बताया कि हादसे में मृतक मप्र के ग्वालियर के निवासी हैं। पुलिस ने ट्रक चालक और कार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से ट्रक चालक भी फरार है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। आगे की कार्रवाई पूरी करने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।