फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhilwara : भीलवाड़ा और शाहपुरा में भारत बंद का व्यापक असर, पुलिस और प्रशासन की निगरानी में माहौल शांतिपूर्ण

Wed, 21 Aug 2024 10:38 AM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

भीलवाड़ा और शाहपुरा जिलों में आज भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति और जनजाति आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू करने के फैसले के विरोध में अजा-जजा संगठनों द्वारा बुलाए गए इस बंद ने दोनों जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है।

औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा में सुबह से ही बंद का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। स्कूल, कॉलेज, दुकानें और बाजार सभी बंद रहे, जिससे पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा। बंद के आह्वान के कारण आम लोग भी अपने घरों में ही रहने को मजबूर हुए। महत्वपूर्ण यह है कि बंद का समर्थन व्यापार संघ ने भी किया, जिसके चलते शहर के सभी प्रमुख बाजार बंद रहे। जिला प्रशासन ने बंद को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों और कोचिंग सेंटरों में अवकाश घोषित कर दिया था। साथ ही पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में पुलिस बल तैनात है। व्यापार संघ द्वारा बंद को दोपहर 2 बजे तक का समर्थन मिलने के बावजूद आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मेडिकल और अन्य आवश्यक सेवाओं को चालू रखा था लेकिन चाय, नाश्ते और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें बंद रहने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

शाहपुरा जिले में भी भारत बंद का व्यापक असर दिखाई दिया। यहां भी सुबह से ही शहर के सभी बाजार और दुकानें बंद रहीं, जिससे शहर में सन्नाटा छाया रहा। पुलिस और प्रशासन ने शाहपुरा में भी चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की थीं। बाजारों में सुबह से ही अजा-जजा संगठनों के पदाधिकारी खुली हुई दुकानों को बंद कराते नजर आए। इसके चलते चाय, नाश्ते, सब्जी, और फल की दुकानों के बंद होने से आम जनता को काफी असुविधा हुई। शाहपुरा के व्यापार मंडल ने भी बंद का समर्थन करते हुए दोपहर 12 बजे तक दुकानों को बंद रखने की सहमति दी थी। इस बीच जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने पहले ही शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया था, जिससे स्कूल और कॉलेज भी बंद रहे।

दोनों जिलों में पुलिस और प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बंद के दौरान भीलवाड़ा और शाहपुरा में अब तक किसी भी तरह के हिंसा या उपद्रव की सूचना नहीं मिली है लेकिन आम जनता को दैनिक आवश्यकताओं की कमी के चलते कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते बंद के दौरान शांति बनी रही।
  भीलवाड़ा और शाहपुरा में भारत बंद का व्यापक असर, पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी वीडियो - फोटो : credit   भीलवाड़ा और शाहपुरा में भारत बंद का व्यापक असर, पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी वीडियो - फोटो : credit   भीलवाड़ा और शाहपुरा में भारत बंद का व्यापक असर, पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी वीडियो - फोटो : credit  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें