एक दिन पहले बनी सड़क का डामर हाथों से उखाड़े जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सड़क निर्माण में ठेकेदार पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो गए हैं। सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की बातें सामने आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला लगातार चर्चाओ में बना हुआ। वहीं अब स्थानीय विधायक रविन्द्र सिंह भाटी का इस मामले पर बयान सामने आया है।
जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र के झणकली से जुड़िया गांव को जोड़ने वाले सड़क मार्ग का यह वीडियो है। यहां पर करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद जब सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुआ तो ग्रामीणों को बड़ी राहत की उम्मीद थी लेकिन सड़क का निर्माण सही ढंग से और गुणवत्तापूर्ण नहीं किए जाने के कारण महज 24 घंटे में ही सड़क का डामर उखड़ने लग गया। हालत इतनी खराब थी कि डामर की परत हाथों से आसानी से उखड़ रही थी, जिसके चलते सड़क जगह-जगह से टूटकर बिखर गई। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी ठेकेदार पर तुरंत कार्रवाई हो और नई सड़क गुणवत्ता के साथ बनवाई जाए। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Udaipur: नीचे जाने के लिए दबाया बटन, रिवर्स में ले भागी लिफ्ट, ढाई घंटे तक फंसी रही महिला, दीवार तोड़कर निकाला
मामले ने तूल पकड़ते ही शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाटी ने कहा ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें कई जगहों पर सड़क निर्माण सही तरीके से नहीं हुआ है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसका टेंडर निरस्त किया जाए। भाटी ने यह भी कहा कि गारंटी पीरियड तक सड़कें मजबूत रहें, इसके लिए भी निर्देश दिए गए हैं।