जिले के मार्बल सिटी किशनगढ़ की आवासीय सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जूते-चप्पल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते गोदाम के तीसरे माले तक फैल गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। मौके पर दमकल विभाग की छह से अधिक गाड़ियां और पानी के टैंकर पहुंचाए गए। हालांकि गोदाम आवासीय कॉलोनी की संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
आग की भयावहता को देखते हुए रेस्क्यू और फायर ऑपरेशन तेज किया गया। परिषद के फायर इंचार्ज रामप्रसाद चौधरी और मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अपने घरों में सुरक्षित रहने की अपील की गई।
ये भी पढ़ें: Dausa News: ईडी के दुरुपयोग के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
इस भीषण अग्निकांड में गोदाम में रखा जूते-चप्पल का भारी स्टॉक जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल दमकल विभाग और मदनगंज थाना पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस मौके पर फायर इंचार्ज रामप्रसाद चौधरी ने व्यापारियों से अपील की कि वे आवासीय कॉलोनियों में गोदाम न बनाएं और गोदामों व दुकानों में फायर सेफ्टी सिस्टम अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की बड़ी घटनाओं से बचा जा सके।