कपूरथला के रामगढ़ में विधायक सुखपाल खैरा के घर से जुड़े विवाद ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया, जब प्रशासन ने कथित अवैध कंस्ट्रक्शन पर पीला पंजा चला दिया। कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। खैरा की अपील के बाद बड़ी संख्या में समर्थक उनके घर के बाहर जमा हो गए। किसी भी अनचाही घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास के इलाके को सुरक्षा में ले लिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, घर नहीं, बल्कि घर से जुड़े कथित अवैध कंस्ट्रक्शन को गिराने की कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर, खैरा ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए कहा कि यह कदम बिना नोटिस और सुनवाई के उठाया जा रहा है। खैरा ने आरोप लगाया कि सीएम भगवंत मान के गैर-कानूनी आदेश पर पुलिस और ब्यूरोक्रेसी द्वारा रामगढ़ में मेरे घर के कुछ हिस्से को बिना किसी नोटिस या सुनवाई के जबरदस्ती गिराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।