मोगा में शिरोमणि अकाली दल द्वारा जिला प्रधान निहाल सिंह, पूर्व जिला प्रधान तीर्थ सिंह मालहा तथा मोगा विधानसभा इंचार्ज मोगा संजीत सिंह सन्नी गिल की अगुवाई में डीसी कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी की नेता एवं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। यह रोष प्रदर्शन दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा गुरुओं को लेकर कथित तौर पर इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक शब्दावली के विरोध में किया गया। अकाली दल नेताओं ने कहा कि इस प्रकार के बयान सिख धर्म की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल की लीडरशिप ने कहा कि गुरुओं के सम्मान से जुड़ा कोई भी अपमानजनक बयान पूरे सिख समाज के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने मांग की कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी अपने बयान पर तुरंत माफी मांगें तथा अपने पद से इस्तीफा दें। इस मौके पर अकाली दल नेताओं द्वारा गवर्नर के नाम एक मांग पत्र मोगा के डिप्टी कमिश्नर को सौंपा गया, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।