हिमाचल की वादियों में 46 महीने बाद दोबारा छुक-छुक की आवाजें गूंजने लगी है। लंबे समय के इंतजार के बाद कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेल सेवा आज से शुरू हो गई है। पहली ट्रेन पठानकोट से सुबह 5 बजे चलकर बैजनाथ पपरोला दोपहर 12 बजे पहुंचेगी। पठानकोट-जोगिंदरनगर रेल सेवा बहाल होने से पंजाब का संपर्क एक बार फिर रेलमार्ग के जरिए हिमाचल प्रदेश से जुड़ गया है। बता दें कि 20 अगस्त 2022 को भारी बरसात के कारण पठानकोट के हरियाल क्षेत्र में चक्की रेलवे पुल पानी के तेज बहाव में बह गया था क्योंकि पिल्लरों की नींव कमजोर हो चुकी थी। इससे कई वर्षों तक हजारों दैनिक यात्रियों, कारोबारियों और पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। लोगों ने इस ट्रेन के चलने से रेलवे प्रशासन का आभार भी जताया था।