लुधियाना जिले के रहने वाले जगदीप सिंह राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से घर लौट आए हैं। सुल्तानपुर लोधी में निर्मल कुटिया पहुंचे जगदीप को बताया कि वह वर्ष 2019 में मलेशिया घूमने गए थे। लेकिन उनकी यह विदेश यात्रा उनके लिए उस समय बड़ी मुसीबत बन गई, जब वहां पहुंचने के एक सप्ताह बाद ही उनके पिता और भाई का एक्सीडेंट हो गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उनके पिता की मृत्यु हो गई तथा भाई बुरी तरह घायल हो गया। जगदीप ने बताया कि इन हालात में उन्हें कुछ समझ नहीं आया और घर के हालात देखकर उन्होंने यहीं रहने का फैसला किया। जिसके बाद उन्होंने वहां एक कंपनी में काम करना शुरू कर दिया और वहां के एजेंट को अपना वीजा बढ़ाने के लिए 2000 डॉलर का भुगतान किया, लेकिन उन्हें इस बारे में तब पता चला जब उन्हें एक छापेमारी के दौरान पुलिस ने पकड़ लिया और अवैध रूप से रहने के लिए 6 महीने जेल की सजा सुनाई।