पंजाब पुलिस की तरफ से बुधवार को प्रदेश भर में ऑपरेशन कासो चलाया गया। कपूरथला में स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस शशि प्रभा द्विवेदी और एसएसपी वत्सला गुप्ता के नेतृत्व में ऑपरेशन कासो चलाया गया। इस संबंध में एसएसपी वत्सला गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीमों ने विभिन्न मामलों में संदिग्धों, अराजक तत्वों और भगोड़ों के आवासों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान 15 मामले दर्ज कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 13 ग्राम हेरोइन, तीन किलो चूरा पोस्त, 450 ग्राम अफीम, 535 नशीली गोलियां, 190 ग्राम गांजा, 1 पिस्तौल 32 बोर, एक मैग्जीन , एक कारतूस, 100 किलो लहन और 95 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 22 वाहन भी जब्त किए गए हैं।