पेट्रोलियम उत्पादों की मौजूदा स्थिति को लेकर पठानकोट जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मलिकपुर जिला प्रशासनिक परिसर में गैस एजेंसी मालिकों और पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक हुई। इसमें पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, डीसी डॉ. पल्लवी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस आम लोगों के लिए गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करना और कालाबाजारी या जमाखोरी पर रोक लगाना रहा। मंत्री ने साफ कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और करीब डेढ़ महीने का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऐसे में लोगों को घबराने या अतिरिक्त सिलिंडर जमा करने की जरूरत नहीं है। मंत्री ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हालत में गैस की किल्लत पैदा न होने दी जाए। ऊंचे दाम पर बिक्री, सप्लाई में जानबूझकर देरी या किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी। बैठक में सीमावर्ती इलाकों में ट्रैफिक जाम के चलते सप्लाई प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समस्या जल्द सुलझा ली जाएगी और इन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही होम डिलीवरी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि लोगों को सुविधा मिले और भीड़भाड़ कम हो सके।