पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के बड़े साहिबज़ादों की शहादत को नमन करने के लिए अपनी मोरिंडा स्थित आवास से पैदल यात्रा करते हुए श्री चमकौर साहिब के लिए रवाना हुए। इस दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने साहिबज़ादों और सिखों की शहादत के प्रति अपने मनोभाव साझा किए। वहीं उन्होंने वीर बाल दिवस को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिखों से जुड़े मामलों में सीधे हस्तक्षेप करने के बजाय सरकार को पहले सिख नेताओं से विचार-विमर्श करना चाहिए। उन्होंने “वीर बाल दिवस” नाम रखे जाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की स्वीकृति के बिना ऐसा कोई भी नाम स्वीकार्य नहीं है।