रावी नदी की बाढ़ से भोआ विधानसभा क्षेत्र और आसपास के गांवों को सुरक्षित करने के लिए प्रस्तावित धुस्सी बांध परियोजना को जल्द शुरू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कट्टारुचक ने गुरुवार को कथलौर पुल के पास कोहलियां मोड़ स्थित प्रस्तावित धुस्सी बांध स्थल का उच्च स्तरीय टीम के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने मंत्री को स्थल की भौगोलिक स्थिति, नदी के प्रवाह और परियोजना से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। मंत्री ने नदी के जलस्तर, प्रवाह की दिशा और बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ परियोजना को शीघ्र शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी समाधानों और संभावनाओं पर चर्चा की। मंत्री ने कहा कि रावी की बाढ़ से हर वर्ष प्रभावित होने वाले क्षेत्रों को स्थायी राहत देने के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। लाल चंद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी सभी तकनीकी रिपोर्टें और कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी और कानूनी बाधाएं दूर होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा ताकि लोगों को इस योजना का लाभ जल्द मिल सके।