जिला बार एसोसिएशन मोगा ने राज्य स्तरीय निर्णय का समर्थन करते हुए 23 फरवरी से 27 फरवरी तक पूर्ण हड़ताल का ऐलान किया है। मोगा जिला अदालत परिसर के बाहर अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नई रेगुलेशन में जारी किए डिफेंस वकीलों की नियुक्ति, किलोमीटर के दायरे में ग्रामीण स्थापना, खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जा सकती है। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट सुखबिंदर सिंह ने बताया कि हाल ही में जारी रेगुलेशन के तहत हर दो किलोमीटर के दायरे में ग्रामीण अदालतें खोलने की योजना बनाई गई है। वकीलों का कहना है कि इससे मौजूदा अदालतों की भूमिका कमजोर होगी और वकालत पेशे पर नकारात्मक असर पड़ेगा। इसके अलावा अदालतों में ‘डिफेंस वकीलों की नियुक्ति’ के फैसले को भी बार एसोसिएशन ने विवादित बताया है। उनका तर्क है कि इससे स्वतंत्र वकालत प्रणाली प्रभावित हो सकती है और पेशे की स्वायत्तता पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस समीक्षा के लागू किए जा रहे नए प्रावधान अव्यवहारिक हैं और वकालत पेशे को कमजोर करने वाले साबित हो रहे हैं। राज्यभर के वकील स्वयं को उपेक्षित और पेशेवर रूप से आहत महसूस कर रहे हैं। मोगा बार एसोसिएशन की ओर से विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पंजाब की सभी बार एसोसिएशन 23 से 27 फरवरी तक पूर्ण हड़ताल पर रहेंगी।