पंजाब के बठिंडा में हेरोइन समेत गिरफ्तार की गई पंजाब पुलिस महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर को शुक्रवार फिर से अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सरकारी वकील की दलीलों से सहमत होते हुए आरोपी महिला को दो दिन के और रिमांड पर भेज दिया। वीरवार को अदालत ने आरोपी महिला को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था, इस दौरान उसने अहम खुलासे किए। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी महिला के दोस्त बलविंदर सिंह सोनू को भी केस में नामजद कर लिया। वहीं, जब आरोपी महिला को पुलिस शुक्रवार दोपहर के समय अदालत में पेश करने के लिए लेकर पहुंची तो वहां पर उसका दोस्त सोनू भी अदालत परिसर में पहुंच गया। आरोपी महिला एवं सोनू पर आरोप लगाने वाली महिला को सोनू ने सरेआम पुलिस की हाजिरी में थप्पड़ मारे और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। इसके बाद सोनू पुलिस की नाक तले से फरार हो गया।