पटियाला सेंट्रल जेल में मामूली विवाद के बाद सात बंदियों ने एक कैदी और एक हवालाती पर कैंची और लोहे के सुए से हमला कर दिया। दोनों के साथ मारपीट भी की गई। हमले में घायल दोनों बंदियों का राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने हवालाती अजय कुमार की शिकायत पर सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हवालाती साजन कुमार तथा कैदी हरमन कुमार, हीरा, गोला, मनी, जोबन जंग और मामा के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार 9 जुलाई को बैरक में बंद कैदी अजय कुमार ने हवालाती अजय कुमार को बताया कि सुबह साजन कुमार ने उसे चप्पल मारी थी। दोनों जब इस बारे में पूछने पहुंचे तो मुर्गी अहाते के पास बैरक नंबर एक के सामने साजन कुमार हाथ में कैंची और हरमन कुमार लोहे का सुआ लिए खड़े थे। दोनों ने हमला कर दिया जबकि अन्य आरोपियों ने मारपीट की।