खरड़ के निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के साथ आए कार्यकर्ताओं द्वारा अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री के नाम पत्र बांटने पर हंगामा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़ दिए जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर डीएसपी ईशान सिंगला और पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और आप कार्यकर्ताओं को मंदिर परिसर से बाहर भेज दिया। भाजपा ने मंदिर का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए सिसोदिया से माफी की मांग की। वहीं सिसोदिया ने कहा कि यदि चंदे में गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।