पंजाब में आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके असर से तीन व चार अप्रैल को 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश व ओलावृष्टि होगी। वहीं कई जगहों पर बारिश से बुधवार को अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने तीन और चार अप्रैल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अगले तीन दिन भी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में किसानों की चिंता और बढ़ सकती है। बीते 24 घंटों के दौरान बठिंडा में 21.2 एमएम, फिरोजपुर में 16.5 एमएम, फरीदकोट में 4.5 एमएम, फाजिल्का में 2.0 एमएम, संगरूर में 9.5 एमएम, पटियाला में 9.2 एमएम, लुधियाना में 4.6 एमएम की बारिश मुख्य तौर पर दर्ज हुई। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य के पास बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक 32 डिग्री का पारा लुधियाना का दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम 14.6 डिग्री का न्यूनतम पारा अमृतसर का दर्ज हुआ।