मोगा में देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हरियाणा के यमुनानगर से अपनी बहन के पास मोगा आई महिला पुष्पा को बाइक सवार दो लुटेरों ने पिस्तौल की नोक पर निशाना बना लिया। जानकारी के अनुसार, महिला पुष्पा अपनी एक बहन के घर खाना खाने के बाद एक्टिवा पर सवार होकर दूसरी बहन के घर जा रही थी। जब वह बगेयाना बस्ती के पास पहुंची, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने अचानक उसे घेर लिया। आरोपियों ने महिला के गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और आगे बाइक लगाकर उसे लात मारकर एक्टिवा से गिरा दिया। महिला के मुताबिक, लुटेरों के पास पिस्तौल थी। उन्होंने डराने के लिए एक फायर भी किया और पिस्तौल तानकर महिला से सोने की अंगूठी और कानों के टॉप्स भी छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।