फिरोजपुर काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने बीएसएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30.200 किलो हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त हेरोइन की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम भेजी गई है। काउंटर इंटेलीजेंस के अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव वल्ले शाह उताड़, फाजिल्का और मनप्रीत सिंह निवासी गांव नवा हस्ता, फाजिल्का के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30.200 किलो हेरोइन व एक बाइक बरामद की। ये लोग बाइक पर सवार होकर किसी को हेरोइन की खेप सप्लाई करने जा रहे थे। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस इस मॉड्यूल के सीमा पार बैठे तस्करों से संबंधों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है। एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर सीआई टीम ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर फाजिल्का के हिंदूमलकोट रोड पर गांव सतीरवाला के नजदीक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 30.200 किलो हेरोइन बरामद हुई। थाना एसएसओसी फाजिल्का में उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में और खेप मिलने के अलावा आरोपियों के पकड़े जाने की संभावना है।