फगवाड़ा में 13 अक्तूबर को 60 हजार की लूट मामले में दो आरोपियों को लूटी गई रकम के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने बताया कि महेंद्र राम पंजाब ग्रामीण बैंक, गांव जगतपुर जट्टां से 60 हजार रुपये निकालकर एक बैग में डालकर साइकिल पर अपने गांव निहालगढ़ जा रहा था। गांव के बाहरी इलाके में एक्टिवा पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया और रिवाल्वर दिखा कर डरा धमका कर उससे पैसों से भरा बैग छीन लिया। पुलिस टीम ने आरोपी हरप्रीत उर्फ पीता पुत्र मदन लाल और अजय कुमार पुत्र भारसी मंडल, दोनों निवासी गांव पासला, थाना नूरमहल, जिला जालंधर को गिरफ्तार कर 34 हजार रुपये, एक खिलौना पिस्तौल, एक लोहे की दातर और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद की। हरप्रीत उर्फ पीता पर पहले भी थाना फिल्लौर में एक मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लिया जा रहा है।