शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व हल्का प्रभारी विन्नरजीत सिंह गोल्डी ने आम आदमी पार्टी सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं । गोल्डी ने सुनाम में शहीद स्मारक पर फैली अव्यवस्था और बदहाली का वीडियो सार्वजनिक करते हुए सरकार की नीयत और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। शहीद की प्रतिमा स्थल का जायजा लेते हुए विन्नरजीत सिंह गोल्डी ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा के ठीक पीछे लगा देश का राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फटा हुआ है। क्या शहादत दिवस जैसे पावन और ऐतिहासिक दिन पर भी सरकार स्मारक पर नया तिरंगा नहीं फहरा सकती थी? उन्होंने कहा कि प्रतिमा के मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास कचरे के ढेर लगे हुए हैं। क्या महान शहीदों की यादग़ारों की साफ़-सफाई सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है? सरकार ने स्व-प्रचार के लिए चारों तरफ बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग्स तो लगा दिए, लेकिन शहीद की प्रतिमा के रख-रखाव की सुध लेना भूल गई। खुद को शहीदों का वारिस बताने वाली सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है और शहीदों की स्मृतियों का ऐसा अनादर बेहद निंदनीय है। गोल्डी ने मांग की कि सरकार और प्रशासन तुरंत अपनी इस लापरवाही में सुधार करे और स्मारकों की गरिमा बनाए रखे।