संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को पूरे पंजाब में किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील और पंजाब सरकार के लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने राज्य के सभी टोल प्लाजा को तीन घंटे के लिए फ्री कर दिया। मोगा में भी किसानों का प्रदर्शन देखने को मिला जहां मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित दारापुर टोल प्लाजा और मोगा-जालंधर रोड पर कमालके टोल प्लाजा को किसानों ने तीन घंटे तक फ्री रखा। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेता बलोरा सिंह और इक्वाल सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ देश को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ सरकार अमेरिका के आगे घुटने टेक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका जैसे देशों के साथ जो व्यापारिक समझौते करने जा रही है, वे देश के किसानों और आम जनता के लिए ‘मौत के वारंट’ के समान हैं।