मोगा के नजदीक गांव घलकलां के पास वीरवार शाम लुधियाना फिरोजपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 2 बच्चों समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव घलकलां के रहने वाले बलजिंदर सिंह अपने माता मनजीत कौर और दो बच्चे गुरफतेह, लवी को लेकर मोटरसाइकिल पर गांव कलेरां से अपनी बहन के घर की छत का लैंटर डालकर वापस घर लौट रहे थे। जब वे मोगा के गांव दुन्नेके के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तो एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दो बच्चे और उनकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत समाजसेवा सोसाइटी के मदद से उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। वहीं सिविल अस्पताल मोगा के डॉ. बजरंग ने बताया कि चार एक्सीडेंट पेशेंट आए थे जिसमें से मनजीत कौर, बलजिंदर सिंह, गुरफतेह को गंभीर चोट के कारण फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लवी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।