खन्ना के नजदीकी गांव जालनपुर के एक खेत में बुधवार देर शाम पराली की गांठों को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास के खेतों और मकानों तक लपटें पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के अनुसार, ये पराली की गांठें एक स्थानीय व्यापारी द्वारा खेत से सीधे खरीदी गई थीं, जिनका उपयोग बिजली उत्पादन के लिए किया जाता है। अभी तक नुकसान का सटीक आंकलन नहीं हो सका है। यह जानकारी सुबह तक मिल सकेगी कि कुल कितनी पराली जलकर खाक हुई। आग बुझाने के लिए खन्ना, समराला, फतेहगढ़ साहिब और मंडी गोबिदगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे। इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।