अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संयोजक डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में सिख संकीर्तन को रोकना 1.14 अरब हिंदुओं और सिखों का अपमान है। वह मंगलवार को फगवाड़ा में पुनीत मिश्रा के घर पहुंचे थे जहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर केंद्र सरकार से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारत से बांग्लादेश को भेजा जाने वाला चावल, नमक तथा गंगा-ब्रह्मपुत्र नदियों का पानी तत्काल रोका जाना चाहिए और आवश्यकता पड़े तो बांग्लादेश को 1971 की याद दिलाई जाए। डा. तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज अब चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने काशी और मथुरा को अगला राष्ट्रीय संकल्प बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं। डॉ. तोगड़िया ने परिषद द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी, जिनमें देशभर में एक लाख हनुमान चालीसा केंद्रों की स्थापना, एक मुट्ठी अनाज अभियान के माध्यम से गरीब हिंदुओं को भोजन उपलब्ध कराना, राष्ट्रीय छात्र परिषद द्वारा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना तथा राष्ट्रीय महिला परिषद व ओजस्विनी के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण के कार्यक्रम शामिल हैं।