तलवाड़ा-हाजीपुर मुख्य सड़क मार्ग पर ओवरलोड टिप्परों से गिरने से बिखरी बजरी से दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह टिप्परों से गिरने वाली बजरी के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का भय बना रहता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालक जब इन स्थानों से गुजरते हैं तो सड़क पर बिखरी बजरी के कारण वाहन के फिसलने और संतुलन बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर निर्माण सामग्री से भरे टिप्पर निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लेकर गुजरते हैं। कई बार टिप्परों में भरी बजरी को बिना उचित ढकाव के परिवहन किया जाता है, जिससे रास्ते में झटकों के कारण बजरी सड़क पर गिरती रहती है। वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर बिखरी बजरी दूर से आसानी से नजर नहीं आती, जिससे अचानक उस पर पहिया आने से दोपहिया वाहन चालक नियंत्रण खो सकते हैं।सबसे अधिक परेशानी उन समय होती है जब तेज रफ्तार से आने वाले दोपहिया वाहन सड़क पर बिखरी बजरी के ऊपर से गुजरते हैं। ऐसे में वाहन के टायर का सड़क से पकड़ कमजोर होने के कारण फिसलने की संभावना रहती है।