फिरोजपुर मंडल के उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन एवं मंडल स्पोर्ट्स संगठन द्वारा रेलवे अधिकारी क्लब, फिरोजपुर में आयोजित समर कोचिंग कैंप का आज सफल समापन समारोह आयोजित किया गया। इस कैंप में बच्चों को स्विमिंग, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, जुम्बा डांस, टेबल टेनिस, शतरंज और योग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। 100 से अधिक बच्चे पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिए और नई-नई गतिविधियां सीखकर अपनी प्रतिभा को निखारा। उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के सहयोग से आयोजित इस समर कैंप का लाभ रेल कर्मचारियों के बच्चों के साथ-साथ बाहरी बच्चों ने भी उठाया। यह कैंप बच्चों के बीच खासा लोकप्रिय साबित हुआ। बच्चों के जबरदस्त उत्साह और अभिभावकों की मांग को देखते हुए 1 जून से 21 जून तक निर्धारित इस कैंप की अवधि बढ़ाकर 30 जून 2026 तक कर दी गई थी। समापन समारोह के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने समर कोचिंग कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही कैंप के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर इसका आनंद उठाया। खेलकूद का सकारात्मक वातावरण मिलने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिला, वहीं आपसी मेलजोल से उनमें मित्रता और टीम भावना भी विकसित हुई। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता होती है, क्योंकि यही बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रहेंगे।