जिला बार एसोसिएशन फिरोजपुर की कार्यकारिणी समिति की अहम बैठक सोमवार को अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंजाब, हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ की बार एसोसिएशनों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने 19 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पारित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जिला बार एसोसिएशन फिरोजपुर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सभी प्रस्तावों को पूरी तरह लागू करेगी। साथ ही यह भी तय किया गया कि एलएडीसी (लीगल एड डिफेंस काउंसिल) नीति को वापस लेने या समाप्त किए जाने तक वकीलों का "नो वर्क डे" आंदोलन जारी रहेगा। बार एसोसिएशन ने ज्वाइंट एक्शन कमेटी की अपील पर सोमवार से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहकर एलएडीसी नीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।