सिटी क्लब फगवाड़ा के 2019 के बाद से खाली पड़े पदाधिकारियों के पद आखिर आज भरे गए जब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद हुए चुनाव में प्रोग्रेसिव ग्रुप सभी सीटें जीतने में कामयाब रहा और परमजीत सिंह खुराना को क्लब का नया उपाध्यक्ष चुन लिया गया। इसके साथ ही प्रोग्रेसिव ग्रुप के ही धर्मेन्द्र टोनी को मुख्य सचिव, अगम पराशर को सह सचिव और राकेश बांगा को कोषाध्यक्ष चुना गया। गौरतलब है कि सिटी क्लब फगवाड़ा के चुनाव 2019 से पेंडिंग थे और अंततः हरीश थापर द्वारा दायर याचिका की सुनवाई में उच्च न्यायालय ने मई में आदेश दिए थे कि दो महीने में चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाए और चार महीने के भीतर चुनाव सम्पन्न करवाए जाएं। छह साल के अंतराल के बाद सिटी क्लब फगवाड़ा के बहुप्रतीक्षित चुनाव 8 अगस्त शुक्रवार को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। क्लब के पंजीकृत 391 सदस्यों में से 342 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लेकिन चुनाव होने के बाद एक बार फिर मामला माननीय हाईकोर्ट तक पहुंच गया था और वोटों की गिनती नहीं हो पाई थी। लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेशों के बाद सोमवार को वोटों के बक्से सिटी क्लब परिसर में लाए गए और गिनती का काम शुरू हुआ। अंततः गिनती के बाद प्रोग्रेसिव ग्रुप ने इतिहास रचते हुए सभी पदों पर जीत दर्ज की। इस दौरान सिटी क्लब के बाहर जहां सदस्यों का जमघट लगा रहा वहीं बड़ी गिनती में पुलिस फोर्स भी तैनात रही। खुद सिटी थाना प्रभारी ऊषा रानी भी मौके पर मौजूद रही।