मोगा जिला पुलिस को अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एक और सफलता मिली है। थाना समालसर पुलिस ने विशेष मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना समालसर के एस.एच.ओ. कमलजीत सिंह ने बताया कि थाना पुलिस पार्टी मंगलवार को गश्त के दौरान थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलें लेकर मंडी सेखा कलां के पास बेचने की फिराक में हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापामारी की और दोनों आरोपियों को मौके से काबू कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद कीं।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान,जंगीर सिंह निवासी जिला बठिंडा,हरजीत सिंह निवासी जिला श्री मुक्तसर साहिब के रूप में हुई है। थाना समालसर में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि आगे की जांच में और चोरीशुदा मोटरसाइकिलों की बरामदगी की जा सके।