फगवाड़ा में बीते दिनों एक इमारत में भारी मात्रा में (29 क्विंटल 32 किलो) गो मांस पकड़ा गया था। गो मांस को हिंदू संगठनों, गो भक्तों और फगवाड़ा प्रशासन की तरफ से दफना दिया गया था। उक्त घटना में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन इस घटना के मुख्य आरोपी अजीत कुमार उर्फ बब्बू निवासी गली नंबर 11 बसंत नगर फगवाड़ा और ज्योति ढाबा के मालिक मनजीत सिंह उर्फ बिल्ला और उसके बेटे जसपाल सिंह निवासी गांव विर्क तहसील फिल्लौर की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी संदर्भ में एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा अन्य पुलिस अधिकारियों एसपी गुरमीत कौर, डीएसपी भारत भूषण, एसएचओ सिटी ऊषा रानी आदि के साथ फगवाड़ा के श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रमुख शहरियों से मिले जहां सभी संगठनों के प्रतिनिधियों की तरफ एसएसपी को मांगपत्र दिया गया। मांग की गई कि अजीत कुमार उर्फ बब्बू, मनजीत सिंह उर्फ बिल्ला, जसपाल सिंह व इसमें शामिल अन्य तस्करों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों का पर्दाफाश किया जाए ताकि पूरे पंजाब में ऐसी घटना दोबारा न हो।