फिरोजपुर के शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने बताया कि झोंक हरिहर स्थित बिजली सब स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है। इस परियोजना पर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत आई है। सब स्टेशन के अपग्रेड होने से फिरोजपुर शहर के अलावा आसपास के गांवों के लोगों को भी बिजली आपूर्ति में बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि अपग्रेडेशन के बाद बिजली व्यवस्था पहले के मुकाबले अधिक मजबूत और भरोसेमंद होगी। इससे बार-बार लगने वाले बिजली कटों से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आंधी, तूफान और बारिश जैसे खराब मौसम के दौरान भी बिजली सप्लाई को सुचारु बनाए रखने में यह अपग्रेडेशन मददगार साबित होगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों, किसानों और अन्य कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।