फिरोजपुर मंडल के लुधियाना-अमृतसर मुख्य रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि 21 जुलाई को यह अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक राज कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। नौ सदस्यीय टिकट जांच दल ने विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 14674 एवं 14673 शहीद एक्सप्रेस, 11057 अमृतसर एक्सप्रेस, 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल सहित अन्य ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने और अनियमित टिकट पर सफर कर रहे कुल 193 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 1.78 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। टिकट जांच के साथ-साथ सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने ट्रेनों में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा खानपान व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुशासित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, क्योंकि बिना टिकट यात्रा करना कानूनन अपराध है।