फिरोजपुर के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि अबोहर में शोरूम के मालिक को गोलियां दाग हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा यह गैंगस्टर नए-नए पैदा होते हैं और अपना नाम कमाने के लिए बिजनेसमैनों और दुकानदारों से रंगदारी वसूलते हैं। ऐसे गैंगस्टरों को पंजाब पुलिस पकड़ने का हर तरफ से प्रयास कर रही है। जल्द ही इन गैंगस्टरों को पकड़ा जाएगा। पुलिस ने सभी जगहों पर नाकाबंदी कर दी है। एक सवाल के जवाब में डीआईजी ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिश्नोई नाम की आईडी पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है, इसकी भी पुलिस जांच कर रही हैं । यह भी देख रहे हैं कि कहीं पुलिस की जांच को भटकाने के लिए इस प्रकार की पोस्ट तो नहीं डाली गई हो। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही उक्त आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। इस मौके पर फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह भी मौजूद थे।