मोगा से आम आदमी पार्टी की हलका विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोगा निवासियों से अपील करते हुए कहा है कि पंजाब सरकार ने नए राशन कार्ड बनवाने तथा राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने (एड करवाने) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे सभी योग्य परिवार, जिन्होंने अभी तक नया राशन कार्ड नहीं बनवाया या परिवार के किसी सदस्य का नाम शामिल नहीं करवाया है, वे जल्द आवेदन करें। विधायक डॉ. अरोड़ा ने कहा कि सभी योग्य लाभार्थियों को अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्यालय अथवा नजदीकी सेवा केंद्र में संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार सरकारी राशन योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। पंजाब सरकार पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों से अपने कार्यकाल के दौरान किए जा रहे एक-एक कार्य को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें राशन कार्ड बनवाने संबंधी व किसी भी तरह की समस्या पेश आती है तो कृपा उनके ध्यान में लाई जाए, जिसका पहल के आधार पर हल करवाया जाएगा।