नशा मुक्त समाज की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए MY Bharat तरनतारन की ओर से डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर के नेतृत्व में तथा श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज, तरनतारन के सहयोग से जिला स्तरीय *“नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत”* कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में जिलेभर से विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन, ज्योति प्रज्वलित करने तथा MY Bharat की डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल मैडम अमनदीप भट्टी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अनुशासित, स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर ने कहा कि युवा विकसित भारत की रीढ़ हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त बनाने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मजबूत करना मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अलावा स्लोगन लेखन, पेंटिंग, रैप/पोएट्री, लोकगीत, नृत्य और रील प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। युवाओं ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा के माध्यम से नशा मुक्त भारत का संदेश दिया। इस दौरान युवाओं की ओर से जोश से भरपूर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज कोऑर्डिनेटर श्री जिमरन कौर, मैडम मनदीप कौर, मैडम मनप्रीत कौर, NSS कोऑर्डिनेटरों तथा कॉलेज के समूह प्रबंधकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ।