गुरुहरसहाय नगर काउंसिल चुनाव के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 में से 13 वार्डों पर कब्जा जमाया। वहीं शिरोमणि अकाली दल (बादल) को दो वार्डों में जीत हासिल हुई। चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 1 से महिंदर कौर, वार्ड 2 से रजिंदर कुमार, वार्ड 3 से गुरमीत कौर, वार्ड 4 से विक्टर जॉन, वार्ड 5 से किरण बाला, वार्ड 7 से एकता रानी, वार्ड 8 से सोनू कुमार, वार्ड 9 से चंद्र रेखा, वार्ड 11 से सुषमा रानी, वार्ड 12 से बृज भूषण, वार्ड 13 से सुनीता रानी, वार्ड 14 से हरमीत सिंह और वार्ड 15 से सोहन सिंह विजयी रहे। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के उम्मीदवारों ने वार्ड नंबर 6 से रविंद्र कुमार और वार्ड नंबर 10 से राजविंदर सिंह ने जीत दर्ज की। चुनाव में सबसे बड़ी जीत कांग्रेस के वार्ड नंबर 9 की उम्मीदवार चंद्र रेखा ने 503 मतों के अंतर से हासिल की, जबकि वार्ड नंबर 12 से बृज भूषण 467 मतों और वार्ड नंबर 14 से हरमीत सिंह 400 मतों के अंतर से विजयी रहे। दूसरी ओर सबसे कांटे का मुकाबला वार्ड नंबर 2 में रहा, जहां कांग्रेस के रजिंदर कुमार ने केवल 21 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणामों से स्पष्ट है कि इस बार गुरुहरसहाय नगर काउंसिल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है।