भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) तोतेवाल के प्रदेश प्रधान सुखबिंदर सिंह पर विदेश भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। सुखबिंदर सिंह उर्फ सुख गिल इमिग्रेशन सेंटर भी चलाता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मोगा के धर्मकोट के निवासी बलबिंदर सिंह अपनी बेटी को विदेश भेजने के लिए फतेह इमिग्रेशन सेंटर के संचालक सुखबिंदर सिंह उर्फ सुख गिल को 18 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि सुख गिल ने उन्हें जाली वीजा देकर 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित परिवार ने एसएसपी मोगा को लिखित शिकायत दी थी। कार्रवाई न होने से परेशान परिवार ने गुरुद्वारा साहिब में जाकर आत्मदाह करने की धमकी दी। इस संबंध में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अब आरोपी सुख गिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।