भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब के फिरोजपुर में कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत कर भारतीय जनता पार्टी पंजाब में फिर से महाराजा रणजीत सिंह का राज लाएगी। उन्होंने कहा पंजाब की जनता और सरकारी विभाग के मुलाजिम मौजूदा सरकार से दुखी हैं। ढिल्लों एक पैलेस में अपने कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब में सरकार चलाने नहीं आई है। पंजाब से इंडस्ट्रीज खत्म हो चुकी है। पंजाब के हालात बहुत बिगड़ चुके हैं। बिहार और यूपी की तरह पंजाब में गैंगस्टरों की भरमार है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। आए दिन पंजाब में गोलियां चल रही हैं। सरेआम लोगों का कत्ल कर दिया जाता है। पंजाब का माहौल खराब हो चुका है। एक सवाल के जवाब में ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा अकेली 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव जीत कर पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह का राज लाएगी। ढिल्लों ने कहा जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है तब से लेकर अब तक पंजाब को चार लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।