श्री आनंदपुर साहिब–नंगल मुख्य मार्ग पर चरण गंगा के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। नंगल से चंडीगढ़ जा रही एक एंबुलें मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंगों के बीच फंस गई। गनीमत रही कि एंबुलेंस गहरी खाई में गिरने से बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे एंबुलेंस नंगल से चंडीगढ़ जा रही थी। चरण गंगा के पास अचानक सामने आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एंबुलेंस सड़क से नीचे उतरकर पुल की रेलिंगों में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि रेलिंग एंबुलेंस को नहीं रोकती तो वह गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। इस घटना के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा और पुलों की रेलिंगों की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।