फिरोजपुर के ममदोट से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 32 बोर की दो पिस्तौलें व पांच कारतूस बरामद किए हैं। एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस माई भोली चौक के पास गश्त कर रही थी। उन्हें सूचना मिली कि आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजू जो अवैध असलहा बेचने का धंधा करता है, इस समय वह ममदोट सवाईके रोड स्थित श्मशानघाट में बैठा ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर 32 बोर के दो पिस्तौलें और पांच कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी संजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उक्त आरोपी के खिलाफ मोहाली और फिरोजपुर के थानों में भी मामले दर्ज हैं।