मोगा कोट ई सेखां पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात गश्त के दौरान चीमा रोड पर खड़ी एक स्विफ्ट कार (PB 31-Y-1243) से 290 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों में से एक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने काबू कर लिया।इस संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे कोट ई सेखां पुलिस पार्टी चीमा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी नजर आई। पुलिस ने कार की तलाशी लेनी चाही तो ड्राइवर सीट पर बैठा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। वहीं दूसरा आरोपी भी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।कार की तलाशी के दौरान 290 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके से कार व हेरोइन जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखबिरंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह के रूप में की गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापा मारी कर रही हे । पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कोट ई सेखां में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान और खुलासे हो सकें।