पंजाब में लंबित पड़ी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक औपचारिक पत्र भेजकर राज्य में अटकी रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के लिए उनके व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि भूमि अधिग्रहण, वन एवं वन्यजीव मंजूरी, प्रशासनिक अनुमति तथा विभिन्न स्थानीय सरकारी स्वीकृतियों में हो रही देरी के कारण कई महत्वपूर्ण रेल प्रोजेक्ट लंबे समय से अधर में लटके हुए हैं। इससे न केवल पंजाब में रेल संपर्क प्रभावित हो रहा है, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास, व्यापार, माल ढुलाई और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बिट्टू ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे राज्य के संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देकर इन लंबित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से आम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।