पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी तरह के "समझौता करने वाले" या "स्लीपर सेल" नेताओं के लिए जगह नहीं होनी चाहिए। वड़िंग ने कहा कि वह और सुखजिंदर सिंह रंधावा पिछले करीब पांच वर्षों से साथ काम कर रहे हैं और अगर किसी ने समझौता किया होता तो यह साथ संभव नहीं होता। वहीं, भूपेश बघेल ने कहा कि जो नेता भाजपा, आम आदमी पार्टी या किसी अन्य दल से समझौता करेंगे, उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि पंजाब चुनाव के लिए चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। बघेल ने दोहराया कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल पंजाब में सरकार बनाना है।