पंजाब में कांग्रेसियों के बीच गुटबाजी के चलते नई दिल्ली में कांग्रेस पंजाब चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। बगावत के सुर एकदम शांत हो गए हैं और कांग्रेसियों के बीच बगावत के प्रकरण में फिलहाल सन्नाटा छा गया है। इस मसले पर दोनों गुटों के कांग्रेसी नेताओं से बात करने के बाद प्रभारी भूपेश बघेल और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के संगठन सचिव केसी वेणुगोपाल की रिपोर्टें राहुल गांधी के टेबल पर हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि हाईकमान ने वरिष्ठ नेताओं को बगावत और आपसी गुटबाजी खत्म कर चुनावी तैयारियों में जुटने का कड़ा संदेश दे दिया है। व्यवस्था फिलहाल पहले जैसी ही रहेगी। जो नियुक्तियां हाईकमान ने कर दी है, उसी के तहत चुनावी तैयारियों में नेताओं की टीम उतरेगी। न तो प्रदेशाध्यक्ष बदला जाएगा और न ही सीएम फेस घोषित होगा। राहुल गांधी के चेहरे पर ही पंजाब में चुनाव लड़ा जाएगा। इसी के चलते बघेल और वेणुगोपाल ने बुधवार को पंजाब के सभी वरिष्ठ नेताओं पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, डॉ. अमर सिंह, सुखपाल सिंह खैरा, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत अन्य नेताओं को दिल्ली बुलाकर चुनावी तैयारी पर चर्चा की।