पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू नेता जशन जवंधा पर फायरिंग और सेक्टर-9 में चमनप्रीत उर्फ चिन्नी हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक दोनों वारदातों में इस्तेमाल हथियार बॉर्डर पार से लाए गए थे और इनके तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस को जांच में शामिल किया गया है, जो आतंकी और क्रॉस बॉर्डर लिंक खंगाल रही है। सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर काउंटर इंटेलिजेंस तभी सक्रिय होती है जब किसी मामले में आतंकी कनेक्शन की आशंका हो। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। वहीं, चिन्नी मर्डर केस में 13 दिन बीत जाने के बाद भी हथियार सप्लायर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।