त्योहारों के बीच पाकिस्तान से हेरोइन व हथियारों की तस्करी बढ़ गई है। दो साल के अंदर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने 450 ड्रोन पकड़े हैं। नशीले पदार्थों के साथ विस्फोटक व हथियार भी पकड़े जा रहे हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की रिपोर्ट के मुताबिक तस्करी में अब ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के चार जिले तस्करों के निशाने पर हैं जहां तस्करी के सबसे अधिक मामले आ रहे हैं। बीएसएफ के अनुसार वर्ष 2025 में 13 अक्तूबर तक पाकिस्तान की ओर से तस्करी में इस्तेमाल 200 ड्रोन बरामद किए हैं। इस दौरान 287 किलोग्राम हेरोइन, 174 हथियार, 12 हैंड ग्रेनेड और 10 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक जब्त किया गया। इस बीच 5 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया और 203 भारतीय तस्करों और सीमा पार अपराधों में शामिल 16 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।वर्ष 2024 में बीएसएफ ने 250 ड्रोन जब्त किए थे। ड्रोन से बढ़ती तस्करी का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नवंबर 2024 में मात्र 21 दिन के अंदर ही बीएसएफ ने 50 ड्रोन जब्त किए थे।