भारत-पाक सीमा के पास स्थित खासा आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार देर रात हुए आईईडी धमाके मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि वीरवार शाम तक दोनों से औपचारिक पूछताछ नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस पूरे दिन व्यस्त रही। बताया जा रहा है कि संदिग्धों के परिजनों ने जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें शुक्रवार सुबह दोबारा पेश कराने का भरोसा दिया है। जांच में सामने आया है कि दोनों युवक धमाके से कुछ देर पहले रात करीब साढ़े दस बजे से 10:45 बजे तक खासा आर्मी कैंप के आसपास घूम रहे थे। इसके करीब 15 मिनट बाद रात 11 बजे धमाका हुआ था।पुलिस दोनों संदिग्धों से जुड़े अन्य सुराग जुटाने में लगी है। पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों की मदद से आरोपियों की पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है। जालंधर बम विस्फोट और अमृतसर के खासा आर्मी कैंप के बाहर हुए धमाकों के मामले में पंजाब पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां और फोरेंसिक टीमें लगातार सुराग जुटाने में लगी हैं। जांच एजेंसियों ने अब तक 720 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल ली है जबकि 120 लोगों को पूछताछ और जांच के दायरे में शामिल किया गया है।